जयंत चौधरी का रविवार को लखनऊ दौरा, संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
जयंत चौधरी का रविवार को लखनऊ दौरा, संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा


लखनऊ, 29 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के 30 अगस्त रविवार लखनऊ आगमन पर पार्टी की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष मार्स ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित संगठनात्मक बैठक शामिल होंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव रणनीति और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक के बाद जयंत चौधरी मीडिया से भी बातचीत करेंगे।

रालोद उत्तर प्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के लखनऊ आगमन पर उनके भव्य स्वागत एवं अभिनंदन के लिए विशेष समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय लोकदल के नवागंतुक एवं पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बी.के. शुक्ला द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी के लखनऊ पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उनका स्वागत करेंगे। स्वागत कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, रालोद के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) अनुपम मिश्रा तथा बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंदन चौहान समेत पार्टी के अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। स्वागत कार्यक्रम और संगठनात्मक बैठक के माध्यम से पार्टी आगामी चुनावों के लिए संगठन को सक्रिय करने तथा जमीनी स्तर पर तैयारियों को गति देने का प्रयास करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story