वर्ष 2030 तक दुनिया में 8.5 करोड़ कुशल कार्यबल की कमी होगी, भारतीय युवाओं के लिए खुलेंगे वैश्विक अवसर : जयंत चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
वर्ष 2030 तक दुनिया में 8.5 करोड़ कुशल कार्यबल की कमी होगी, भारतीय युवाओं के लिए खुलेंगे वैश्विक अवसर : जयंत चौधरी


5वें कौशल दीक्षांत समारोह में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने युवाओं को कौशल विकास और वैश्विक अवसरों का दिया संदेश

लखनऊ, 21 नवंबर (हि.स.)। लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने देश के युवाओं को कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीओटी) के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।

जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कठिन परिस्थितियों के बीच भी कार्यक्रम में उपस्थित हुए, जो उनके समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश के छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के आईटीआई कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में देश को आगे ले जाने का अपार सामर्थ्य है।

चौधरी ने सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत के उभरते कौशल कार्यबल को लेकर दुनिया भर में उत्सुकता और संभावनाएं हैं। एक अनुमान के अनुसार, वर्ष 2030 तक वैश्विक स्तर पर लगभग 8.5 करोड़ कुशल कामगारों की कमी हो सकती है। ऐसे में भारतीय युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार एवं करियर की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास मंत्रालय के गठन के बाद वर्ष 2014-15 से अब तक 7.67 करोड़ युवाओं को कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ मिला है। उन्होंने नीति आयोग की रिपोर्ट 'Reimagining Skilling for Viksit Bharat 2047' का उल्लेख करते हुए कौशल विकास के व्यापक प्रभाव को रेखांकित किया।

मंत्री ने वर्ल्डस्किल्स शंघाई में पदक जीतकर लौटे भारतीय युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इन प्रतिभाशाली युवाओं को अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित करना और उनका मनोबल बढ़ाना कौशल विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने ओमित गंगरेड का उदाहरण दिया, जिन्होंने अपनी बहन के संघर्ष से प्रेरणा लेकर वर्ल्डस्किल्स शंघाई में इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन एवं डिजिटल डिजाइन श्रेणी में भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। इसी प्रकार कैफ खान ने आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर वर्ल्डस्किल्स शंघाई में ऑटोमोटिव पेंटिंग श्रेणी में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

चौधरी ने कहा कि 'योगः कर्मसु कौशलम्' का अर्थ है किसी भी कार्य को कुशलता और दक्षता के साथ करना। प्रधानमंत्री का प्रयास है कि हर हाथ को काम मिले और हर काम को उसकी गरिमा एवं सम्मान प्राप्त हो। यह लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब केंद्र सरकार, राज्य सरकार, उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थान मिलकर काम करें तथा युवा जीवनपर्यंत अपने कौशल को निखारने के लिए प्रयासरत रहें।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया तथा कौशल विकास के क्षेत्र में उद्योग जगत के भागीदारों की सहभागिता की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781179 Articles

Share this story