केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने 'वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026' विजेता कैफ खान से उनके आवास पर की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने 'वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026' विजेता कैफ खान से उनके आवास पर की मुलाकात


मेडलियन फॉर एक्सीलेंस जीतकर देश व प्रदेश का मान बढ़ाने पर दी बधाई, कैफ के 110 वर्षीय दादाजी व परिजनों से भी की भेंट

कैफ की सफलता उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत: जयंत चौधरी

इंडिया स्किल्स से शुरू हुआ कैफ का सफर वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ाने तक पहुंचा

लखनऊ, 21 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित 'कौशल दीक्षांत समारोह' में सम्मिलित होने से पूर्व 'वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026' (WorldSkills Shanghai 2026) में 'मेडलियन फॉर एक्सीलेंस' (Medallion for Excellence) जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले होनहार युवा कैफ खान के आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कैफ खान एवं उनके परिवारजनों से भेंट की तथा कैफ के 110 वर्षीय दादाजी से भी मुलाकात की। मंत्री ने कैफ को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि कैफ की यह सफलता उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारतीय युवाओं की यह शानदार कामयाबी देश के बढ़ते कौशल सामर्थ्य को प्रदर्शित करती है।

मुलाकात के दौरान कैफ के परिजनों ने बताया कि उन्होंने बचपन से ही अपने हुनर को अपनी पहचान बनाया और निरंतर कड़ी मेहनत से स्वयं को निखारा है। परिजनों ने भावुक एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के स्वयं घर आकर उत्साहवर्धन करने से पूरे परिवार को अपने बेटे पर गर्व की अनुभूति हुई है और यह विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है कि देश में हुनरमंदों की सच्ची कद्र और उनके प्रति पूरा सम्मान है।

उल्लेखनीय है कि 'इंडिया स्किल्स' से शुरू हुआ कैफ खान का सफर आज वैश्विक मंच तक पहुंचा है। उन्होंने पहले राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को साबित किया और तत्पश्चात वर्ल्डस्किल्स के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 'मेडलियन फॉर एक्सीलेंस' जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781220 Articles

Share this story