आगरा में 12 अक्टूबर को रालोद की स्वाभिमान सभा, जयंत चौधरी होंगे मुख्य अतिथि
-ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसान-मजदूरों के अधिकार और सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाएगी पार्टी
लखनऊ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) 12 अक्टूबर को आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के जैंगरा गांव में स्वाभिमान सभा आयोजित करेगा। गांव स्थित इंटर कॉलेज के मैदान में सुबह 11 बजे होने वाली इस सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी जयंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पार्टी ने आयोजन के जरिए ग्रामीण समाज, किसानों और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी की है।
रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विचारधारा के अनुरूप किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के हितों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार और श्रमिकों को सम्मान दिलाना देश के समग्र विकास के लिए जरूरी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जैंगरा की सभा में ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं, किसान-मजदूरों के अधिकारों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रजनीकांत मिश्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष बीएल प्रेमी, विमलेश पाठक, रमावती तिवारी, अशोक तिवारी, प्रमोद शुक्ला, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर और छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

