चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती समारोह की तैयारियों के लिए छह सदस्य नामित

WhatsApp Channel Join Now
चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती समारोह की तैयारियों के लिए छह सदस्य नामित


लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। किसान मसीहा, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले अंतर्गत नूरपुर में आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की ओर से छह सदस्यों को नामित किया गया है। इन सदस्यों को समारोह की व्यवस्थाओं और तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती पर 23 दिसंबर को नूरपुर में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। नामित सदस्य आपसी समन्वय के साथ समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।

उन्होंने बताया कि नामित सदस्यों में संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी, पूर्व सांसद एवं आरएलडी संसदीय बोर्ड के चेयरमैन केसी त्यागी, बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान, बिजनौर के सांसद चंदन चौहान, पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र शर्मा तथा पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्ज्वल शामिल हैं।

मयंक त्रिवेदी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी जयंती पर आयोजित समारोह उनके विचारों और किसान हितों के प्रति उनके संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story