डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचार समाज के उत्थान के लिए प्रेरणादायी : डॉ. रामाशीष राय

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचार समाज के उत्थान के लिए प्रेरणादायी : डॉ. रामाशीष राय


डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचार समाज के उत्थान के लिए प्रेरणादायी : डॉ. रामाशीष राय


- रालोद ने समाजवादी चिंतक एवं प्रखर विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती मनाई

लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय की अध्यक्षता में समाजवादी चिंतक एवं प्रखर विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

इसके पश्चात सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को नमन किया और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया।

रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने जयंती सभा को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके सिद्धांतों पर चलकर सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. लोहिया का जीवन संघर्ष, सादगी और जनसेवा का प्रतीक है। उनके विचारों को आत्मसात कर ही देश में वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोहिया जी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।

रालोद मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह तथा रजनीकांत मिश्रा, प्रदेश महासचिव रमावती तिवारी, तराई क्षेत्र के अध्यक्ष पी. के. पाठक, प्रदेश सचिव प्रमोद शुक्ला, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे, शमीम अहमद, मनीष तिवारी आदि लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story