रालोद छात्रसभा ने शुरू किया ‘आरएलडी कैंपस कनेक्ट’, 31 अक्टूबर को मेरठ में छात्र पंचायत
लखनऊ, 28 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) छात्रसभा, उत्तर प्रदेश ने सोमवार को प्रदेशव्यापी ‘आरएलडी कैंपस कनेक्ट’ (RLD Campus Connect) अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर शिक्षा, रोजगार, खेल, स्वास्थ्य, नशा-मुक्ति और युवाओं की सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत 31 अक्टूबर को मेरठ में बड़ी छात्र पंचायत भी आयोजित की जाएगी।
अभियान की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना समय की आवश्यकता है। ‘आरएलडी कैंपस कनेक्ट’ के माध्यम से छात्रसभा हर जिले में विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेगी तथा उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास करेगी।
रालोद छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडेय ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य की शक्ति नहीं, बल्कि वर्तमान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यार्थियों के सामने शिक्षा और रोजगार के साथ नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक भागीदारी जैसी चुनौतियां हैं। इन विषयों पर छात्रों के बीच जाकर निरंतर संवाद और जागरूकता की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्टूडेंट डायलॉग, स्टूडेंट पंचायत, स्पोर्ट्स और फिटनेस, ड्रग्स को ना कहें और सार्वजनिक जीवन में युवा (Student Dialogue, Student Panchayat, Sports & Fitness, Say No to Drugs & Youth in Public Life) जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर छात्रों की शैक्षणिक और परिसर से जुड़ी समस्याओं तथा उनके सुझावों को संकलित कर उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
31 अक्टूबर को मेरठ में छात्र पंचायत
अमन पांडेय ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को मेरठ में बड़ी छात्र पंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें छात्र और युवा शिक्षा, रोजगार, खेल, नशा-मुक्ति तथा सामाजिक एवं लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे विषयों पर संवाद करेंगे।
अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में रालोद छात्रसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव बालियान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी समेत पार्टी एवं छात्रसभा के पदाधिकारी शामिल होंगे। छात्रसभा का लक्ष्य अभियान को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी जिलों और अधिक से अधिक कैंपस तक पहुंचाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

