प्रदेश का हर जिला बागपत और छपरौली जैसी राजनीतिक शक्ति के रुप में रालोद का बने गढ़ : अनुपम मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश का हर जिला बागपत और छपरौली जैसी राजनीतिक शक्ति के रुप में रालोद का बने गढ़ : अनुपम मिश्रा


- रालोद के कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा का कार्यकर्ताओं के नाम पहला संदेश, संगठन को मजबूत, अनुशासित और आधुनिक बनाने पर दिया जोर

लखनऊ, 30 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने गुरुवार पार्टी पदधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के नाम अपना पहला संदेश दिया। उन्होंने संगठन को मजबूत और अनुशासित बनाने के साथ आधुनिकता को ध्यान में रखते हुए राजनीति में पार्टी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

अनुपम मिश्रा ने अपने जारी संदेश में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुझ पर विश्वास व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और महत्वपूर्ण प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपा है। इस दायित्व का केवल मेरा नहीं, बल्कि हम सभी (पार्टी कार्यकर्ता) का सामूहिक दायित्व है।

आप सभी के स्नेह, विश्वास और समर्थन ने मुझे यह भरोसा दिया है कि हम मिलकर राष्ट्रीय लोक दल को उत्तर प्रदेश में नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज संगठन को केवल मजबूत करने की नहीं, बल्कि उसे हर स्तर पर सक्रिय, अनुशासित, आधुनिक और परिणाम देने वाला संगठन बनाने की आवश्यकता है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है 2027 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक दल को उत्तर प्रदेश की सबसे प्रभावशाली राजनीतिक शक्तियों में स्थापित करना। यह लक्ष्य केवल नारों से नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच निरंतर उपस्थिति से प्राप्त होगा। मैं आज स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूँ कि राष्ट्रीय लोकदल में कार्य ही पहचान बनेगा। सम्मान, अवसर और जिम्मेदारी उसी साथी को मिलेगी जो संगठन के लिए समय देगा, जनता के बीच रहेगा, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ेगा और परिणाम देगा। निष्क्रियता के लिए संगठन में कोई स्थान नहीं होगा। हमारा एक ही मंत्र होगा 'कार्यकर्ता का मूल्यांकन उसके कार्य से ना की पद से।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने हम सब पर जो विश्वास किया है, उस विश्वास को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें ऐसा संगठन खड़ा करना है जिस पर उन्हें गर्व हो और जो उनके सपनों के उत्तर प्रदेश का मजबूत राजनीतिक आधार बने। मेरा सपना है कि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक जिला संगठनात्मक दृष्टि से बागपत जैसा मजबूत बने और प्रत्येक विधानसभा छपरौली जैसी राजनीतिक शक्ति के रूप में राष्ट्रीय लोक दल का गढ़ बने। यह कठिन अवश्य है, लेकिन हमारी एकजुटता, अनुशासन और अथक परिश्रम से यह लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

अब समय आ गया है कि हम हर जिले, हर विधानसभा, हर ब्लॉक, हर नगर और हर बूथ तक संगठन को नई ऊर्जा दें। हर पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी को मिशन माने और हर कार्यकर्ता स्वयं को संगठन का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ समझे।

आइए, आज हम सब मिलकर संकल्प लें कि हम संगठन को व्यक्ति से ऊपर रखेंगे। हम पद की नहीं, जनता के मध्य की राजनीति करेंगे और उनका विश्वास जीतेंगे। हम बूथ को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएंगे।

हम 2027 की विजय का मजबूत संगठनात्मक आधार आज से तैयार करेंगे। मुझे आप सभी पर पूरा विश्वास है। आपके सहयोग, समर्पण और अथक परिश्रम से अब राष्ट्रीय लोक दल उत्तर प्रदेश में एक नए युग की शुरुआत करेगा।

आइए, कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें। हर ज़िला बागपत जैसा मजबूत बनाएँ। हर विधानसभा को छपरौली जैसी सशक्त और हर बूथ 10 यूथ।

संगठन सर्वोपरि होगा और कार्य ही हमारी पहचान। 2027 हमारा संकल्प, हमारी जिम्मेदारी और हमारी विजय का वर्ष होगा। साथ ही हम अपनी नई पीढ़ी जिसे आप और हम Gen 2 कहते हैं वह बदलाव की पीढ़ी है, उनसे हमारा विशेष आग्रह है कि आप सिर्फ़ ट्रेंड नहीं, भविष्य भी तय कीजिए। राजनीति को दूर से देखने के बजाय उसमें भागीदारी कीजिए, सवाल पूछिए, समाधान दीजिए और अपने वोट की ताक़त पहचानिए।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story