वाराणसी : अतिरिक्त सदस्य ट्रैक्शन, रेलवे बोर्ड सोमेश कुमार ने बरेका में देखा लोको निर्माण प्रक्रिया

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : अतिरिक्त सदस्य ट्रैक्शन, रेलवे बोर्ड सोमेश कुमार ने बरेका में देखा लोको निर्माण प्रक्रिया


-तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का किया निरीक्षण

वाराणसी,03 अक्टूबर (हि. स.)। अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन), रेलवे बोर्ड सोमेश कुमार शनिवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे । वाराणसी प्रवास में सोमेश कुमार ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने बरेका के लोको फ्रेम शॉप,लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉपों का गहन निरीक्षण कर लोको निर्माण की अत्याधुनिक तकनीक, उन्नत उत्पादन प्रक्रियाओं, उत्कृष्ट गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का जायजा लिया।

उन्होंने अमृत भारत लोको के कैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोको निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, तकनीकी दक्षता एवं उत्पादन की बारीकियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में सोमेश कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने प्लांट भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान बरेका की उत्पादन गतिविधियों, तकनीकी प्रगति, लोको निर्माण, गुणवत्ता एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने अपने-अपने विभागों की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं तकनीकी प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) भारद्वाज चौधरी, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार आदि भी मौजूद रहे ।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story