दूल्हे की हत्या में फरार आरोपितों पर इनाम घोषित,तलाश में जुटी पुलिस
जौनपुर, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने दूल्हे की हत्या में फरार चल रहे तीन आराेपिताें पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हैं, जिससे उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
इनाम घोषित किए गए अभियुक्तों में आजमगढ़ निवासी प्रदीप बिंद, जौनपुर के सोंधी निवासी रवि यादव, जपटापुरट निवासी भोले राजभर शामिल हैं। तीनों आरोपितों के खिलाफ थाना खेतासराय में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विदित हो कि बीते शुक्रवार की रात आरोपितों ने शादी करने जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपितों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को इन अभियुक्तों के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

