उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने की कांवड़ मेला एवं अर्धकुंभ की तैयारियों की समीक्षा
मुरादाबाद, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे का शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल में आगमन हुआ। उन्हाेंने अपने निर्धारित निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत देवबंद से हरिद्वार रेलखंड तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। साथ ही कांवड़ मेला-2026 एवं अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों की समीक्षा की।
महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे का देवबंद रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल पथ की स्थिति, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, पुल , समपार फाटकों, ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई), सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, रेल संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं, ट्रैक के किनारे की स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था, वृक्षों एवं झाड़ियों की कटाई, रेल भूमि की सुरक्षा, अतिक्रमण की स्थिति तथा मार्ग में उपलब्ध यात्री सुविधाओं का गहन अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेल संरक्षा, परिचालन दक्षता तथा यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने झबरेड़ा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के फुट ओवरब्रिज, स्टेशन परिसर एवं स्टेशन मास्टर कार्यालय का अवलोकन किया तथा स्टेशन मास्टर से ट्रेन संचालन, परिचालन व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे रुड़की रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने स्टेशन के डिजाइन एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति से उन्हें अवगत कराया।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने वर्तमान में संचालित कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यालय के शाखा अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम तथा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

