चकबंदी आयुक्त ने लापरवाह बंदोबस्त अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 17 जून (हि. स.)। जिले में चकबंदी कार्यों की नियमित एवं सतत समीक्षा के तहत चकबंदी आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बुधवार को चकबंदी कार्यों की प्रगति एवं वादों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा में जनपद कानपुर देहात, बरेली, कानपुर नगर, भदोही, औरैया तथा बांदा जैसे अन्य जनपदों की प्रगति अच्छी पायी गयी, वहीं जनपद सिद्धार्थनगर, जौनपुर, फिरोजाबाद, झांसी, मेरठ, बलिया, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, मथुरा, संभल, कुशीनगर तथा बागपत के चकबंदी कार्यों की प्रगति एवं वादों के निस्तारण की प्रगति खराब पायी गयी।

खराब प्रगति वाले जनपदों के बंदोबस्त अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कड़ी चेतावनी दी गयी।

इसके अतिरिक्त चकबंदी कार्यों में घोर लापरवाही तथा वादों के निस्तारण व जनहित के कार्यों में शिथिलता पर जनपद इटावा, शामली, जालौन, अलीगढ़ तथा फर्रुखाबाद के बंदोबस्त अधिकारियों के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि इनके वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (ए.सी.आर.) में शासकीय कार्यों के प्रति शिथिलता का उल्लेख करते हुए जनहित के कार्यों में रुचि न लेने पर विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

चकबंदी आयुक्त ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े चकबंदी कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को चकबंदी कार्यों में तेजी लाने, लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा प्रगति में सुधार लाने का निर्देश दिया।

चकबंदी आयुक्त ने जिलाधिकारियों एवं उप संचालक चकबंदी को निर्देशित किया कि वे चकबंदी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हो सके। साथ ही असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story