बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा, नामांकन और गुणवत्ता सुधार पर जोर: हेमंत राव

WhatsApp Channel Join Now
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा, नामांकन और गुणवत्ता सुधार पर जोर: हेमंत राव


जौनपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मंडलीय शिक्षा निदेशक (बेसिक), वाराणसी मंडल के निर्देशन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) हेमंत राव ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा। निपुण भारत अभियान के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए शिक्षण गुणवत्ता में सुधार तथा आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने पर जोर दिया गया। उन्होंने विद्यालयों में छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीबीटी योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के नियमित निरीक्षण पर भी बल दिया गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन किया जाएगा और जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। बैठक में जिले के सभी जिला समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, पटल सहायक एवं प्रथम संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story