योग दिवस में जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर बनी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
योग दिवस में जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर बनी रणनीति


कानपुर, 19 जून (हि.स.)। विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को प्रत्येक मंडल में भव्य एवं जनभागीदारीपूर्ण रूप में आयोजित करना संगठन की प्राथमिकता है। यह बातें शुक्रवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की संगठनात्मक बैठक जिला कार्यालय नवीन मार्केट में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र सरकार के “विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष” अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को प्रत्येक मंडल में भव्य एवं जनभागीदारीपूर्ण स्वरूप में मनाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में जिला अध्यक्ष ने अभियान के अंतर्गत अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं जनसंपर्क आधारित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान है, जिसे प्रत्येक मंडल में योग शिविरों के माध्यम से जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रत्येक मंडल के लिए संयोजकों की नियुक्ति करते हुए उन्हें कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि योग शिविरों में वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

बैठक में अभियान संयोजक नवाब सिंह, प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, सीमा एमबीए, सत्यम गुप्ता, धीरज बाल्मीकि, चंद्रमणि चौबे, मोनेन्द्र राजपूत, विनोद पाल, शालिनी कटियार, किरण तिवारी, सुरेंद्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता, प्रभाकर अवस्थी, पूनम कंवर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story