प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक में उद्यान अधिकारी व दुग्ध विकास के प्रबंधक गायब, मांगा स्पष्टीकरण
मुरादाबाद, 28 फरवरी (हि.स.)। उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री व मुरादाबाद जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार शाम को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्याे, निर्माण कार्याे एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
समीक्षा बैठक में उद्यान अधिकारी तथा दुग्ध विकास के प्रबन्धक के अनुपस्थित रहने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को आगामी बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर प्रभावी रुप से जनसुनवाई करें यह शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अधिकारीगण सीयूजी नम्बर पर आने वाली फोन कॉल जरूर रिसीव करें और यदि व्यस्त हैं तो बाद में रिटर्न कॉल अवश्य करें। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि नये विकास कार्याे के प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों से प्राप्त कर शासन को उपलब्ध करा दें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि संगठित अपराध में कड़ी कार्यवाही की जाये तथा साइबर क्राइम की घटनाओं में वृद्धि हुई है, इस पर निगरानी एवं सतर्कता रखी जायें।
प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जानकारी प्राप्त की। उप निदेशक कृषि ने बताया कि किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत जनपद में 342516 किसान लाभान्वित हुए है तथा फसल बीमा योजना के अन्तर्गत 1419 को योजना से लाभान्वित किया गया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि जनपद मुरादाबाद में नये गन्ना मूल्य भुगतान के अन्तर्गत 94.41 प्रतिशत का भुगतान हो चुका है। ए.आर. को-आपरेटिव ने ऋण वसूली की प्रगति को ठीक बताया। उन्होंने पशुधन विभाग की निराश्रित गोवंश संरक्षण तथा मा. मुख्यमंत्री गोवंश सहभागिता योजना का क्रियान्वयन ठीक प्रकार से करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से जनपद के स्कूलों, विद्युत कनेक्शन एवं शौचालयों की जानकारी प्राप्त की और माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाया जाए।
जिला विकास अधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत 69.06 प्रतिशत प्रगति हुई है। उपायुक्त मनरेगा ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में 117 प्रतिशत तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत 75.41 प्रतिशत प्रगति हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

