हम सत्ता के लिए नहीं, विचारधारा और देश के विकास के लिए कर रहे काम : गिरीश चंद्र यादव

WhatsApp Channel Join Now
हम सत्ता के लिए नहीं, विचारधारा और देश के विकास के लिए कर रहे काम : गिरीश चंद्र यादव


सुलतानपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के प्रभारी मंत्री और प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव गुरूवार को कलेक्ट्रेट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा)प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि हम अखिलेश यादव की तरह परिवार चलाने या अपने परिजनों को गद्दी, सांसद-विधायक बनाने के लिए काम नहीं कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता देश की 140 करोड़ जनता का उत्थान और विकास है। सपा की साइकिल यात्रा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने चुटकी ली कि उनकी साइकिल पंचर हो चुकी है, पहले वे उसे पंचर बनवाने की व्यवस्था करें।

गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'एकात्म मानववाद' के दर्शन और विचारधारा पर चलती है। भाजपा सत्ता में रहने के लिए नहीं, बल्कि देश में बदलाव लाने और भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काम कर रही है। आज देश रक्षा के क्षेत्र में ब्रह्मोस मिसाइल जैसे निर्माण कर आत्मनिर्भर बन रहा है और पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है।

उन्होंने नीट पेपर लीक मुद्दे पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को राजनीतिक साजिश करार दिया और प्राथमिक शिक्षा के मुद्दे पर अखिलेश यादव के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। मंत्री ने कहा कि आंदोलनों के पीछे छात्रों को न्याय दिलाना नहीं, बल्कि राजनीति करना है। सरकार ने पेपर लीक मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए परीक्षा निरस्त की और 27 दिनों के भीतर पारदर्शी तरीके से पुनर्परीक्षा कराकर परिणाम घोषित किए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं।

केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने युवाओं के हित में तुरंत कड़ा बिल/कानून लाया है ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि सदन में सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन विपक्ष हंगामा करता रहा।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा स्कूलों को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं (प्रसाधन, बिजली, पंखे, बैठने की व्यवस्था) का अभाव था। ऑपरेशन कायाकल्प' के तहत राज्य सरकार ने 19 पैरामीटर्स पर प्राथमिक विद्यालयों को सुदृढ़ किया है। बच्चों को कॉन्वेंट की तर्ज पर 2 सेट ड्रेस, जूते-मोजे और बैग मुहैया कराए जा रहे हैं। अभिभावक-शिक्षक बैठक की व्यवस्था शुरू की गई है ताकि छात्रों के प्रदर्शन में सुधार लाया जा सके।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने किसान सम्मान निधि, गरीब कल्याण योजनाएं, निराश्रित पेंशन, फसल बीमा योजना, स्वयं सहायता समूहों सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जो पात्र लोग किसी कारणवश अब तक वंचित रह गए हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ा जाए।

लोक निर्माण विभाग को सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल होने पर कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। इसके अलावा पर्यटन, पशुपालन, नगर विकास तथा अन्य विभागों की योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा कर लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।

प्राथमिक विद्यालयों में निर्धारित 19 मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शेष विद्यालयों में एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें तय समय में कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।

समीक्षा बैठक के दौरान एम एल सी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राज उपाध्याय, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारु निगम आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story