निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराएं आईबीपीएस परीक्षा : मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराएं आईबीपीएस परीक्षा : मुख्य सचिव


लखनऊ, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल द्वारा आईबीपीएस के माध्यम से आयोजित की जाने वाली ऑनलाइन परीक्षा आगामी 14, 16, 22 एवं 26 अक्टूबर, 2026 को विभिन्न चरणों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश के 12 जनपदों में स्थापित 44 परीक्षा केंद्रों पर होगी, जिसमें कुल 62,815 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पूर्व की भांति परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सक्रिय रूप से कार्य करें।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुचारु संचालन के साथ-साथ पावर बैकअप की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश न दिया जाए। साथ ही, परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story