प्रदेश में 16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा भूजल सप्ताह
लखनऊ, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने बुधवार को प्रदेश की वर्तमान भूजल स्थिति, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की भावी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि ‘भूजल सप्ताह-2026’ का आयोजन 16 से 22 जुलाई, 2026 तक पूरे प्रदेश में किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” निर्धारित की गई है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाए। पहली बार इस अभियान में राज्य की सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषदों, नगर निगमों एवं विकास प्राधिकरणों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सात दिवसीय समन्वित जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाए तथा ग्राम पंचायत, विकास खंड, नगर निकाय एवं जनपद स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान रैलियां, दीवार लेखन, पोस्टर अभियान, निबंध प्रतियोगिताएं तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विशेष रूप से विद्यालयी बच्चों एवं युवाओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि भूजल जागरूकता एवं जल साक्षरता एक सतत प्रक्रिया है। इसलिए सभी विभाग वर्षभर आयोजित होने वाले जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों में भूजल प्रबंधन विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग में जल संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित की जा सके।
बैठक में अपर मुख्य सचिव नमामि गंगे अनुराग श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

