रेवली गांव में 10 दिनों से ठप जलापूर्ति,गहराया पेयजल संकट

WhatsApp Channel Join Now
रेवली गांव में 10 दिनों से ठप जलापूर्ति,गहराया पेयजल संकट


देवरिया, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के लार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रेवली में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत स्थापित पेयजल व्यवस्था पिछले लगभग 10 दिनों से ठप पड़ी हुई है। जलापूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ गर्मी से लोग परेशान है । वहीं दूसरे तरफ प्यास बुझाने के लिए पानी तक नहीं है ।

ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की टंकी से सप्लाई पूरी तरह बंद है। लोग प्रतिदिन पानी आने की उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें एक बूंद पानी भी नहीं मिल पा रहा है। इससे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि ऑपरेटर से जानकारी लेने पर उन्हें बताया गया कि खराबी की शिकायत संबंधित विभाग को भेज दी गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।

बबलू पासवान, धीरेंद्र, रविंद्र, आनंद, मोहन, सोहन, दीनदयाल, भारत, काबिल आजाद, रमेश, रामेश्वर, सुरेश, दीनानाथ, मन्नू और गौरव सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने को बाध्य होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन एवं जल निगम के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर जलापूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।

इस संबंध में जल जीवन मिशन के अवर अभियंता नरेंद्र यादव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आए आंधी-तूफान के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से ट्रांसफार्मर जल गया था, जिसके कारण जलापूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग के अवर अभियंता को इसकी शिकायत कर दी गई है और जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर जलापूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story