सेवानिवृत्त दारोगा ने घर में फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्त दारोगा ने घर में फांसी लगाकर दी जान


कानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के सजेंती थाना क्षेत्र स्थित कोहरा गांव में शनिवार देर रात को सेवानिवृत्त दारोगा ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब तेरहवीं कार्यक्रम से लौटे परिजनों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर परिजन पीछे के रास्ते से कमरे में पहुंचे।

अंदर फंदे से युवक को लटका देखकर परिजनों ने उसे नीचे उतारा और निजी वाहन से सीएचसी घाटमपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सजेंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान कोहरा गांव निवासी उदय सिंह (65) के रूप में हुई। वह मध्य प्रदेश पुलिस में दारोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद से वह गांव में परिवार के साथ रह रहे थे।

परिजनों के मुताबिक उनकी पत्नी श्यामा देवी की करीब पांच वर्ष पहले बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से उदय सिंह काफी परेशान रहते थे। परिवार में उनके दो बेटे रेनू और छोटू हैं, जो निजी कंपनियों में काम करते हैं।

परिवार के अधिकांश सदस्य घाटमपुर क्षेत्र में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में गए थे। उदय सिंह घर पर अकेले थे। रात में लौटने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

सजेंती थाना प्रभारी अनुज कुमार भारती ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों से पूछताछ में पत्नी की मृत्यु के बाद से तनाव में रहने की जानकारी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story