किसानों तक सरकार की योजनाएं पहुंचाना किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी : चौधरी देवेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
किसानों तक सरकार की योजनाएं पहुंचाना किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी : चौधरी देवेंद्र सिंह


कानपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं का दायित्व केवल संगठन को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक किसान तक पहुंचाना भी है। यह बातें मंगलवार को भाजपा उत्तर प्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी देवेंद्र सिंह ने कहीं।

भाजपा उत्तर प्रदेश किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी देवेंद्र सिंह का मंगलवार को कानपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। नौबस्ता स्थित कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय मुख्यालय में किसान मोर्चा के क्षेत्रीय पदाधिकारियों और सभी जिला अध्यक्षों के साथ परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों, किसानों के बीच पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर किसान मोर्चा की भूमिका पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए चौधरी देवेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, कृषि अवसंरचना को मजबूत करने और समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने का आह्वान किया। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का भी आग्रह किया।

इससे पहले कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष बाल मुकुंद शुक्ला की अगुवाई में प्रदेश अध्यक्ष का क्षेत्रीय कार्यालय में स्वागत किया गया। कानपुर की सीमा में प्रवेश पर भी भाजपा नेता अखिलेश अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष बाल मुकुंद शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का किसान मोर्चा संगठनात्मक रूप से लगातार मजबूत हो रहा है और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में किसानों के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राम बाबू द्विवेदी, उपेंद्र बंधु, रामानंद कटियार सहित क्षेत्रीय पदाधिकारी, सभी जिला अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story