बच्चों की शिक्षा में सहयोग समाज के हर सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी : अरुण पाठक
कानपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। शिक्षा मजबूत और आत्मनिर्भर समाज की नींव है। यह बातें कानपुर-उन्नाव स्नातक खंड क्षेत्र के एमएलसी अरुण पाठक ने गुरुवार को बर्रा स्थित कैम्ब्रिज स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
कार्यक्रम में एमएलसी अरुण पाठक ने विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, स्कूल किट और बैग वितरित किए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सामग्री पहुंचाने से उनके आत्मविश्वास को मजबूती मिलती है। आर्थिक या संसाधनों की कमी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को ऐसे बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल बच्चों का भविष्य संवारने का माध्यम नहीं है, बल्कि मजबूत और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की आधारशिला भी है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने से उन्हें पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलती है। सेवा के ऐसे प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
भाजपा कानपुर उत्तर के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाकर उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को पढ़ाई में उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक और प्रबंधक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

