मातृशक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति के मूल संस्कारों में समाहित : रश्मि रावल

WhatsApp Channel Join Now
मातृशक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति के मूल संस्कारों में समाहित : रश्मि रावल


मातृशक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति के मूल संस्कारों में समाहित : रश्मि रावल


मुरादाबाद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मातृशक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति के मूल संस्कारों में समाहित है। महिलाओं का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा किसी भी समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यह बातें सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुरादाबाद महानगर व जिला इकाई के तत्वावधान में मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल आकइजम द्वारा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की 11 छात्राओं का उत्पीड़न करने के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि रावल ने कही।

भाजपा मुरादाबाद महानगर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार को कमिश्नर कार्यालय पर एकत्रित हुए और वहां से भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कार्यालय तक कांग्रेस सांसद व नेताओं के विरोध में नारेबाजी करते हुए गए।

प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा रश्मि रावल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तीकरण को केवल एक नारे तक सीमित न रखते हुए महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता, विज्ञान, खेल और शासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। ऐसे में महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मामलों में गंभीरता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।

भाजपा प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी डॉ. प्रमेंद्र जांगड़ा ने कहा कि नारी शक्ति किसी भी राष्ट्र की प्रगति और सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण आधारशिला है।

महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सदैव संकल्पबद्ध है।

प्रदर्शन में नगर विधायक रितेश गुप्ता, महापौर विनोद अग्रवाल, एमएलसी गोपाल अंजान, गौसेवा आयोग सदस्य दीपक गोयल, जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल, अल्पना रितेश गुप्ता, डाॅ मदालसा शर्मा, रंजना शर्मा, सुनीता शर्मा, निमित जायसवाल, भाजपा मीडिया प्रभारी अर्चित गुप्ता, भरत टंडन, रचना अग्रवाल, प्रीति कश्यप, नीरज गुप्ता, कमला वर्मा, आदेश चौधरी, वनिता मल्होत्रा, सिमरन कौर आदि उपस्थित रहीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story