पहलगाम हमले पर दानवों के समूल नाश का संकल्प : विजय सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
पहलगाम हमले पर दानवों के समूल नाश का संकल्प : विजय सिन्हा


मीरजापुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने रविवार को मां विन्ध्यवासिनी के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली और देश के कल्याण की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने लगभग चार घंटे तक विशेष हवन अनुष्ठान में भाग लिया।

दर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि वे मां विन्ध्यवासिनी के दर्शन के लिए नियमित रूप से आते रहते हैं। बिहार के आगामी विधानसभा चुनावों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बिहार को अपमानित किया, बर्बाद किया, जनता अब उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी। बिहार के विकास और हर बिहारी के सम्मान को बढ़ाने वाले नेतृत्व की आज आवश्यकता है।

उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेज गति से विकास कर रहा है। जनता ने पहले भी डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताया है और आगामी चुनावों में और अधिक बहुमत के साथ समर्थन देगी।

विजय सिन्हा ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे कायराना हरकत करार दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग झूठी धर्मनिरपेक्षता के नाम पर आतंकवाद और अपराध को पोषित करते हैं, उनके मानसिकता का समूल नाश जरूरी है। 21वीं सदी के भारत में दानवी प्रवृत्ति के लिए कोई जगह नहीं है। मां भारती के सपूत एकजुट होकर इस मानसिकता का अंत करेंगे।

इस अवसर पर विकास शुक्ल, आशुतोष पाठक और धाम सुरक्षा दल के सदस्य भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story