विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में 2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में 2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाने का लिया संकल्प


विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में 2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाने का लिया संकल्प


जौनपुर, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिलेमें विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के विषय पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन (प्रबुद्ध जन) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर गिरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वतंत्र प्रभार मंत्री गिरीश चंद्र यादव एवं जिला प्रभारी अशोक चौरसिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए शंकर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। भारत आज आत्मनिर्भरता और विकास के बल पर वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रबुद्ध वर्ग की सक्रिय भूमिका पर बल दिया।

स्वतंत्र प्रभार मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में बुद्धिजीवियों और जागरूक नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निष्ठा को भाजपा की सफलता का आधार बताया। सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रबुद्ध जनों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story