एक माह में जन समस्याओं का करें समाधान : अनिल दीक्षित

WhatsApp Channel Join Now
एक माह में जन समस्याओं का करें समाधान : अनिल दीक्षित


कानपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए, कूड़ा-गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान हो और भीषण गर्मी को देखते हुए अधिक से अधिक प्याऊ व छायादार व्यवस्था तत्काल कराई जाए। इसके साथ ही आवारा कुत्तों के आतंक पर अभियान चलाकर रोक लगाई जाए। यह बातें शनिवार को भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से मुलाकात कर कही।

प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को सौंपे गए मांग पत्र में शहर की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। इसमें सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, कूड़ा व गंदगी की समस्या के स्थायी समाधान, बढ़ती गर्मी को देखते हुए अधिक संख्या में प्याऊ लगवाने तथा प्रमुख चौराहों व सड़कों पर टिन शेड या छायादार व्यवस्था करने की मांग की गई।

इसके अलावा आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने के लिए अभियान चलाने, महिला सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी का समय पूर्व की भांति सुबह 8:30 बजे करने और बरसात में शीशामऊ नाले के उफान से होने वाली परेशानी के स्थायी समाधान की भी मांग रखी गई।

मांग पत्र में कब्रिस्तानों से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया गया, जिसमें अवैध कब्जों को हटाने, गंदगी पर नियंत्रण करने तथा दफनाने के लिए सरकारी शुल्क निर्धारित कर रसीद और रेट बोर्ड लगाने की मांग शामिल रही।

जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि जिलाध्यक्ष ने नगर आयुक्त को एक माह के भीतर इन सभी समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए हैं। इस दौरान महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story