राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक अधिकारी अधिक से अधिक वाद निस्तारण करें : तपस्या त्रिपाठी
मुरादाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर गुरुवार को जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष सैययद माऊज़ बिन आसिम के निर्देश पर एडीआर भवन जनपद न्यायालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने कहा कि बैंक अधिकारी अधिक से अधिक वाद निस्तारण करें।
तपस्या त्रिपाठी ने बैंक अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन में सक्रिय सहयोग करने का निर्देश दिए। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपील की कि वे न्यायालय में उपस्थित होकर प्रीलिटिगेशन एवं लंबित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक पहल करें। बैठक में 14 मार्च को आयोजित पिछली राष्ट्रीय लोक अदालत की समीक्षा भी की गई, जिसमें बैंक से जुड़े 1293 मामलों का निष्पादन किया गया था।
बैठक में इस लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के समाधान के लिए बैंकों से पक्षकारों को व्यापक स्तर पर नोटिस भेजने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि प्रीलिटिगेशन मामलों का अधिकाधिक निपटारा सुनिश्चित हो सके।
प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

