नवरात्रि से पहले सड़कें दुरुस्त करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : सांसद रमेश अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि से पहले सड़कें दुरुस्त करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : सांसद रमेश अवस्थी


कानपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। नवरात्रि से पहले शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें मंगलवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

सांसद ने आज नगर निगम, जलकल और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वरूप नगर और एक्सप्रेस रोड पर चल रहे पैचवर्क कार्यों की प्रगति देखी और जल्द काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर लंबे समय तक मार्ग को अव्यवस्थित छोड़ने से लोगों को परेशानी होती है।

इसके बाद सांसद ने विधायक महेश त्रिवेदी के साथ किदवई नगर स्थित मॉर्बल मार्केट वाली सड़क का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति, निर्माण कार्य की गति और लोगों को हो रही असुविधा का जायजा लिया। अधिकारियों से कहा कि किसी भी तरह कार्य जल्द पूरा किया जाए, ताकि जनता को लंबे समय तक परेशानी न उठानी पड़े।

साकेत नगर और कर्राही क्षेत्र में भी उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण की गुणवत्ता, समयसीमा और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप काम कराने और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

जरीब चौकी चौराहे पर चल रहे सीवर कार्य की धीमी गति पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यस्त चौराहे और प्रमुख मार्ग पर लंबे समय तक सीवर कार्य चलने से लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए कार्य चरणबद्ध तरीके से जल्द पूरा किया जाए।

सांसद ने अधिकारियों को प्रमुख निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और धीमी गति वाले कामों में अतिरिक्त संसाधन लगाकर उन्हें समयसीमा में पूरा कराने को कहा। नवरात्रि को देखते हुए उन्होंने प्रमुख मार्गों, बाजारों और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता समेत नगर निगम, जलकल और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, वत्सेय त्रिपाठी, पार्षद विकास जायसवाल, विनीत दुबे, अखिलेश अवस्थी, संजय पासवान और सुनील कनौजिया आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story