पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक की रिमांड कार्यवाही टली, अब 30 जुलाई को होगी सुनवाई

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 23 जुलाई (हि. स.)। पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक के विरुद्ध इटावा निवासी स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी द्वारा दर्ज कराए गए धोखाधड़ी, छल-कपट एवं जालसाजी के मुकदमे में रिमांड कार्यवाही एक बार फिर टल गई। कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी न हो पाने के कारण एसीजेएम न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 जुलाई की तारीख निर्धारित की है।

कमलेश पाठक वर्तमान में औरैया के चर्चित दोहरे हत्याकांड के मामले में जेल में निरुद्ध हैं। उनके विरुद्ध हाल ही में सदर कोतवाली में धोखाधड़ी, छल-कपट और जालसाजी की धाराओं में एक अन्य मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में उन्हें निरुद्ध करने के लिए न्यायालय से रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

एसीजेएम न्यायालय ने रिमांड कार्यवाही के लिए 23 जुलाई की तारीख तय की थी, लेकिन जेल प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध न होने के कारण आरोपी की व्यक्तिगत पेशी नहीं कराई जा सकी। इसके चलते न्यायालय ने सुनवाई स्थगित करते हुए अगली तिथि 30 जुलाई निर्धारित कर दी।

अभियोजन पक्ष रिमांड कार्यवाही पूरी कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, लेकिन वी-वारंट की प्रक्रिया विभिन्न कारणों से अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में अब मामले की अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story