कानपुर में आपदा के बाद राहत कार्य हुआ तेज, हर पीड़ित तक मदद पहुंचाने में जुटे विधायक मैथानी
कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बीते दिनों बदले मौसम के चलते आई प्राकृतिक आपदा के बाद राहत कार्यों में तेजी लाते हुए प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं। प्रभावित लोगों को शीघ्र सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं गिरे पेड़ों को हटाकर मार्गों को सुचारू किया जा रहा है और बिजली व्यवस्था बहाल करने के प्रयास लगातार जारी हैं। प्रशासनिक टीमें दिन-रात काम कर रही हैं ताकि जनजीवन जल्द सामान्य हो सके। इसी क्रम में गोविंद नगर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र मैथानी जुटे हुए है। उन्होंने मंगलवार को अपने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि “मेरा लक्ष्य है कि हर प्रभावित परिवार को राहत मिले और क्षेत्र की स्थिति शीघ्र सामान्य हो।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आए तेज अंधड़ और प्राकृतिक आपदा के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर पुराने और भारी पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए और स्थानीय संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। वहीं, कई गरीब परिवारों के कच्चे मकान भी ढह गए, जिससे उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं राहत कार्यों की कमान संभाली और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने जिलाधिकारी से वार्डवार सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों की सूची तैयार करने और उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही एसडीएम सदर को निर्देशित किया गया कि सभी लेखपालों को तत्काल क्षेत्र में भेजकर मकानों के नुकसान का निरीक्षण कराया जाए और रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह शासन स्तर तक मामला उठाकर प्रभावितों को राहत दिलाने में हर संभव सहयोग करेंगे।
नगर निगम, वन विभाग और विद्युत विभाग को ‘युद्ध स्तर’ पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। गिरे पेड़ों को काटकर हटाने, सड़कों को साफ करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य तेजी से चल रहा है ताकि आमजन को राहत मिल सके।
विधायक ने जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है और जल्द ही हालात सामान्य कर दिए जाएंगे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

