मुरादाबाद की सामाजिक संस्थाओं ने चित्रकूट बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाई राहत सामग्री
- आओ हाथ बढ़ाएं-एक पहल मदद की अपील पर सामाजिक संस्थाओं ने एकत्रित की राहत सामग्री
मुरादाबाद, 15 सितम्बर (हि.स.)। चित्रकूट में आई भीषण बाढ़ की त्रासदी से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मुरादाबाद की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने एकजुट होकर मानवता की मिसाल पेश की। मुरादाबाद की सामाजिक संस्था आओ हाथ बढ़ाएं-एक पहल मदद की अपील पर सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री एकत्रित की और उसे मुरादाबाद से चित्रकूट भेजा।
राहत सामग्री में जरूरतमंद परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राशन, कपड़े, रजाई, गद्दे, पानी, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल की गईं। इस राहत अभियान में आओ हाथ बढ़ाएं, आप सबकी रसोई, मुनास, वर्क फाउंडेशन, आर्य समाज, प्रगतिशील कायस्थ सेवा संगठन, श्रीजी फाउंडेशन, परिवर्तन दी चेंज, बढ़ते कदम, पतंजलि और उम्मीद सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सहयोग रहा।
राहत सामग्री को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए मुरादाबाद से आओ हाथ बढ़ाएं से राघव रस्तोगी, आप सबकी रसोई से रवि यदुवंशी एवं अमित यादव तथा श्रीजी फाउंडेशन से नीरज कुमार चित्रकूट पहुंचे। टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में जाकर बाढ़ से हुए नुकसान और वहां की परिस्थितियों का जायजा लिया तथा जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर उनके बीच राहत सामग्री का वितरण किया।
चित्रकूट के प्रभावित क्षेत्रों में कई परिवारों के घर और जीवन-यापन की आवश्यक वस्तुएं बाढ़ के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। ऐसे कठिन समय में मुरादाबाद से पहुंची राहत सामग्री ने जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान की।
राहत अभियान से जुड़े सामाजिक संगठनों का कहना है कि यह किसी एक संस्था का प्रयास नहीं, बल्कि मुरादाबाद के कई सामाजिक संगठनों, सहयोगियों और आम नागरिकों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। सभी संस्थाओं ने मिलकर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि लोगों द्वारा दी गई राहत सामग्री सही हाथों तक पहुंचे और वास्तव में जरूरतमंद परिवारों को उसका लाभ मिले।
राहत सामग्री के वितरण के दौरान चित्रकूट प्रशासन की ओर से भी टीम को आवश्यक सहयोग और सहायता प्रदान की गई, जिसके लिए सभी सामाजिक संस्थाओं ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

