स्मार्ट प्री-पेड मीटर उपभोक्ताओं को राहत: नेगेटिव बैलेंस का 50% रिचार्ज कर तीन दिन तक मिलेगी बिजली

WhatsApp Channel Join Now

जौनपुर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने स्मार्ट प्री-पेड मीटर से जुड़े उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब यदि प्री-पेड बैलेंस शून्य होने के कारण किसी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन कट जाता है, तो वह नेगेटिव बैलेंस का कम से कम 50 प्रतिशत रिचार्ज कराकर तीन दिनों के लिए बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल करा सकेगा। हालांकि यह सुविधा प्रत्येक उपभोक्ता को केवल एक बार ही मिलेगी।

विद्युत विभाग के अनुसार आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक उत्तर प्रदेश में करीब 78 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 70.50 लाख प्री-पेड स्मार्ट मीटर शामिल हैं। इन मीटरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को पारदर्शी और बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस सम्बंध में सोमवार को अधिशाषी अभियंता वी.के. सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली के कई लाभ हैं। इससे उपभोक्ताओं को सटीक बिलिंग, बिजली खपत की दैनिक जानकारी, मानवीय हस्तक्षेप में कमी तथा निर्धारित विद्युत टैरिफ पर लगभग दो प्रतिशत तक की छूट मिलती है। इससे उपभोक्ताओं को सस्ती और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि पोस्ट-पेड से प्री-पेड प्रणाली में परिवर्तन के बाद उपभोक्ताओं की पूर्व में जमा सिक्योरिटी राशि का लाभ भी उन्हें मिलता है। यह राशि स्वतः उनके पुराने बकाया बिल में समायोजित हो जाती है। यदि कोई बकाया नहीं है तो यह राशि सीधे प्री-पेड बैलेंस में जोड़ दी जाती है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता अपनी बिजली खपत, बिल और बैलेंस की जानकारी मोबाइल ऐप, यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट या मीटर के डिस्प्ले पर तुरंत देख सकते हैं। इसके अलावा विभाग समय-समय पर एसएमएस के माध्यम से भी बैलेंस और अन्य जरूरी सूचनाएं भेजता है। स्मार्ट मीटर रिचार्ज की सुविधा भी सरल कर दी गई है।

उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप, आधिकारिक वेबसाइट, भीम, फोनपे और गूगल पे जैसे डिजिटल माध्यमों से घर बैठे रिचार्ज कर सकते हैं। इसके अलावा विभागीय कैश काउंटर और जन सुविधा केंद्रों पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना प्री-पेड बैलेंस हमेशा पॉजिटिव रखें, ताकि बिजली आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story