अतिक्रमण हटाने से पहले व्यापारियों का पुनर्वास हो : अनूप शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण हटाने से पहले व्यापारियों का पुनर्वास हो : अनूप शुक्ला


कानपुर, 30 जून (हि.स.)। शहर के सुंदरीकरण और विकास कार्यों के बीच छोटे एवं मध्यम व्यापारियों की आजीविका की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर मांगें तेज हो गई हैं। व्यापारियों ने कहा है कि अतिक्रमण हटाने की किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित व्यापारियों का पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए और पूरी प्रक्रिया विधिसम्मत तरीके से लागू हो। यह बातें मंगलवार को प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहीं।

प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल अनूप शुक्ला के नेतृत्व में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त के पास पहुंचा। संगठन ने कहा कि शहर में चल रहे सुंदरीकरण अभियान का वह समर्थन करता है, लेकिन इसके नाम पर छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को बिना पूर्व सूचना और बिना वैकल्पिक व्यवस्था हटाया जाना गंभीर समस्या उत्पन्न कर रहा है। कई व्यापारी वर्षों से फुटपाथ अथवा निर्धारित स्थानों पर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।

अनूप शुक्ला ने कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन इनके साथ यह भी जरूरी है कि किसी भी परिवार की रोजी-रोटी अचानक प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले सभी प्रभावित व्यापारियों को विधिसम्मत नोटिस देना चाहिए, पर्याप्त समय देना चाहिए और उसके बाद ही कोई कार्रवाई करनी चाहिए।

व्यापार मंडल ने इस संबंध में छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें सबसे पहले सभी व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने से पहले नोटिस और पर्याप्त समय देने की मांग शामिल है। दूसरी मांग में छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के पुनर्वास की ठोस और स्पष्ट योजना लागू करने की बात कही गई।

तीसरी मांग में नगर निगम की खाली भूमि को चिन्हित कर वहां व्यवस्थित वेंडिंग जोन और दुकानें विकसित करने का सुझाव दिया गया। चौथी मांग के तहत फुटपाथ व्यापारियों को न्यूनतम और निर्धारित शुल्क पर दुकानें आवंटित करने की व्यवस्था की मांग रखी गई।

पांचवीं मांग में पुनर्वास और स्थान चयन की प्रक्रिया में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को शामिल करने की बात कही गई, ताकि योजना पारदर्शी और व्यावहारिक रूप से लागू हो सके। छठी मांग में यह भी कहा गया कि जहां वास्तविक अतिक्रमण हो, वहां भी कार्रवाई मानवीय और विधिसम्मत तरीके से की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल जेपी यादव ने कहा कि यदि प्रशासन पहले से योजनाबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन विकसित करे तो अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान संभव है और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को हटाना समाधान नहीं, बल्कि उन्हें व्यवस्थित करना ही वास्तविक नीति होनी चाहिए।

अनूप शुक्ला ने कहा कि व्यापार मंडल प्रशासन के साथ सहयोग के लिए तैयार है और इस पूरी प्रक्रिया में हर संभव सहयोग देगा, ताकि शहर के विकास और व्यापारियों के हितों के बीच संतुलन कायम रह सके। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने ज्ञापन लेकर प्रतिनिधिमंडल काे आश्वस्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story