नियमित दिनचर्या एवं नई चीजें सीखने की आदत सफलता दिलाती है : डॉ. हरेश प्रताप सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नियमित दिनचर्या एवं नई चीजें सीखने की आदत सफलता दिलाती है : डॉ. हरेश प्रताप सिंह


कानपुर, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ, राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश और स्वरांजलि शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन संगीत एवं चित्रकला कार्यशाला का उद्घाटन शनिवार को जवाहर नगर स्थित संस्थान में हुआ। लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश सदस्य डॉ. हरेश प्रताप सिंह ने कहा कि “नियमित दिनचर्या, सकारात्मक सोच और प्रतिदिन कुछ नया सीखने की आदत व्यक्ति को सफलता दिलाती है। देर रात तक जागने और सूर्योदय के बाद उठने की आदत बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को प्रभावित करती है।

मुख्य अतिथि डॉ. हरेश प्रताप सिंह ने कहा कि मनुष्य जैसा सोचता है, वैसा ही उसका व्यक्तित्व बनता है। नियमित शिक्षा के साथ अपनी रुचि के कार्य करने से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है और उसके व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की रुचियों को समझने और उन पर अपनी इच्छाएं न थोपने की अपील की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि चीफ टैक्स ऑफिसर अनिरुद्ध सिंह मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता ओंकारेश्वर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वरिष्ठ संरक्षक डॉ. अंगद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सहगामी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और अतिरिक्त योग्यता के रूप में पहचान दिलाती हैं।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, कथक और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां दीं। कानपुर नगर निगम की ओर से “टोंकोगे तो रोकोगे” विषय पर स्वच्छता अभियान की प्रस्तुति भी दी गई और छात्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में डॉ. पूजा अवस्थी, राममिलन सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, डॉ. नीरजा अग्निहोत्री, डॉ. कुमकुम पांडेय समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story