मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान चंदौसी का किया निरीक्षण
मुरादाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने बुधवार को क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान चंदौसी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्रक्रिया को और अधिक व्यावहारिक, अद्यतन एवं परिणामोन्मुख बनाने पर बल दिया।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने प्रधानाचार्य कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों एवं संस्थान के संकाय सदस्यों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम की प्रभावशीलता, आधुनिक तकनीकों के समावेश तथा प्रशिक्षार्थियों को दी जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके उपरांत डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने संस्थान के ऑडिटोरियम में उत्तर रेलवे एवं उत्तर मध्य रेलवे से आए प्रशिक्षार्थियों को संबोधित किया। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने सुरक्षित, संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन में प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग, अनुशासित एवं समर्पित रहने का संदेश देते हुए कहा कि उच्च गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण ही उत्कृष्ट कार्य निष्पादन की आधारशिला है।
मंडल रेल प्रबंधक ने संस्थान के मॉडल रूम का निरीक्षण भी किया। उन्होंने उपलब्ध प्रशिक्षण संसाधनों, उपकरणों एवं अधोसंरचना की सराहना करते हुए आवश्यकतानुसार और उन्नयन के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाया जा सके।
इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

