कानपुर में रीजेंसी हेल्थ का नया अध्याय, 775 बेड वाला प्रदेश के बड़े निजी अस्पतालों में शामिल
कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। पिछले 30 वर्षों से रीजेंसी उत्तर प्रदेश, खासकर कानपुर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। अब नई सुविधा अत्याधुनिक तकनीक, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के साथ कानपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देगी। यह बातें रीजेंसी हेल्थ के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अतुल कपूर ने कहीं।
रीजेंसी हेल्थ ने सर्वोदय नगर स्थित अपने हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स में 475 बेड की नई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा शुरू की है। इसके साथ ही परिसर की कुल क्षमता बढ़कर 775 बेड हो गई है। वहीं उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में संचालित रीजेंसी हेल्थ के नौ सेंटरों की संयुक्त क्षमता 1,400 से अधिक बेड हो गई है।
करीब चार लाख वर्ग फुट में विकसित की गई नई सुविधा को मौजूदा परिसर के विस्तार के रूप में तैयार किया गया है। तीन टावरों में फैला पूरा इंटीग्रेटेड हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स करीब आठ लाख वर्ग फुट क्षेत्र में है। रीजेंसी हेल्थ के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अतुल कपूर, डायरेक्टर डॉ. रश्मि कपूर और सीईओ अभिषेक कपूर ने लीडरशिप टीम के साथ नई सुविधा के शुभारंभ की घोषणा की।
सीईओ अभिषेक कपूर ने बताया कि नई सुविधा में जटिल और विशेषज्ञ इलाज के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक उपलब्ध कराई गई है। इसमें दा विंची एक्स रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम, न्यूरो इंटरवेंशन के लिए एडवांस्ड डीएसए लैब, लिनैक हैल्सियन रेडियोथेरेपी, गामा कैमरा और तीन टेस्ला एमआरआई जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और क्रिटिकल केयर क्षमता में भी विस्तार किया गया है।
विस्तार के बाद कॉम्प्लेक्स में 18 एडवांस्ड मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और 200 से अधिक आईसीयू बेड होंगे। यहां कार्डियक साइंसेज, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, रीनल साइंसेज, गैस्ट्रो साइंसेज और क्रिटिकल केयर समेत 33 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञताओं के 200 से ज्यादा विशेषज्ञ सेवाएं देंगे।
रीजेंसी हेल्थकेयर ग्रुप की डायरेक्टर डॉ. रश्मि कपूर ने कहा कि नई सुविधा तैयार करते समय मरीजों के साथ उनके परिजनों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है। अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था, परिवारों के लिए 100 बेड की नाइट-स्टे सुविधा और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
अस्पताल में पांच बेड वाले वार्ड, ऑटोमेटेड पेशेंट सुइट, प्रायोरिटी ओपीडी और स्पेशियलिटी ओपीडी की सुविधा भी होगी। रीजेंसी MyCare ऐप के जरिए मरीज अपॉइंटमेंट बुक करने के साथ अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन देख सकेंगे।
क्रिटिकल केयर व्यवस्था में सिंगल-बेड आईसीयू मॉडल के साथ छह बेड की विशेष आईसीयू यूनिट्स भी शामिल हैं। मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों की सुविधा के लिए 300 से अधिक वाहनों की पार्किंग और 100 सीटों वाला ऑडिटोरियम भी बनाया गया है।
नई सुविधा के शुरू होने से कानपुर के साथ आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को सुपर-स्पेशियलिटी और टर्शियरी केयर सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है। रीजेंसी हेल्थ के इस विस्तार को शहर में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

