रेडक्रास भवन एक इमारत नहीं, बल्कि सेवा का है केन्द्र : ब्रजेश पाठक
फतेहपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को जिला अस्पताल के टी.बी. अस्पताल स्थित परिसर में नवनिर्मित रेडक्रास भवन का लोकार्पण मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री व इंडियन रेडक्रास सोसाइटी सभापति ब्रजेश पाठक द्वारा फीता काटकर किया गया। मुख्य अतिथि ने रेडक्रास के संस्थापक हेनरी डुनेन्ट के चित्रों में माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन केवल एक इमारत नहीं बल्कि सेवा का केन्द्र है, यहां पर वंचितों, पीड़ितों, विपदा व आपदा, जरूरतमंद का कार्य किया जाएगा। हम सभी जानते है कि रेडक्रॉस सोसाइटी का उद्देश्य है कि मानवता की सेवा करना है, चाहे वह आपदा के समय सहायता हो या जरूरतमंदों तक दवाईयां और उपचार पहुंचना है। संगठन के द्वारा अनेक सरहनीय कार्य किए जाते है जैसे दवाईयों का वितरण, एम्बुलेंस सेवाएं व संकट के समय लोगों की मदद करना।
उन्होंने कहा कि जो निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं सामाजिक जीवन में हम आगे बढ़ते हैं तो कई चुनौतियां और कठिनाइयां आती हैं तो उनका डटकर सामना करना हैं, लेकिन उनसे घबराना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबके विश्वास के साथ काम कर रही है। किसी एक वर्ग, धर्म या समुदाय के लिए नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए विकास कार्य कर रही है, जो धरातल में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। हमारा लक्ष्य है, कि हर व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे।
पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा जनपद फतेहपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए एमआरआई, सीटी स्कैन की मांग की गई है, जिस पर आश्वासन दिया कि नियमानुसार कार्यवाही पूरी कर जनपद फतेहपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज को एमआरआई, सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग आयोग साध्वी निरंजन ज्योति ने संयुक्त रूप से रेडक्रास सोसाइटी भवन बनाने के लिए सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवाभाव मुश्किल है, विचारों से नहीं होती है, विचारों से प्रेरित होकर सेवा करनी है। जनपद फतेहपुर आकांक्षी जनपद में आता है, हमारी डबल इंजन की सरकार में फतेहपुर जनपद को आकांक्षी जनपद से महत्वाकांक्षी जनपद बनाने पर कार्य किया गया है, जिससे कि जनपद 112 आकांक्षी जनपदों में विकास की श्रेणी में तीसरे पायदान पर पहुंच गया है। हमारी सरकार लोक कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है ।
मुख्य अतिथि द्वारा डॉ श्याम बिहारी, भवन शिल्पी शिवकरन सिंह, पेंटर महेश, बिजली मैकेनिक विकास व कार्यक्रम संचालक अनुराग मिश्र को सम्मानित किया गया।
डॉ0 अनुराग द्वारा रेडक्रास सोसाइटी द्वारा किए गए सभी सेवाकार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक खागा कृष्णा पासवान, विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंशी, पूर्व विधायक बिंदकी करण सिंह पटेल, पूर्व विधायक सदर विक्रम सिंह, अमरनाथ मिश्र उपसभापति, रामानंद कटियार महासचिव, अरुण सिंह कोषाध्यक्ष इंडियन रेडक्रास सोसाइटी उत्तर प्रदेश अन्नू श्रीवास्तव बीजेपी जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, डॉ राजेश मौर्य प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, डॉ इश्तियाक अहमद मुख्य चिकित्साधिकारी सहित गणमान्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

