76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक-एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक-एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू : जिलाधिकारी


देवरिया, 24 अप्रैल (हि.स.) । जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने बताया कि जनपद की 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक-एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए विस्तृत समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्राम सचिवालयों का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है, जहां जन सेवा केंद्रों के जरिए ग्रामीणों को आय, जाति, निवास सहित लगभग 280 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) की ऑनलाइन फीडिंग में भी पंचायत सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हाेंने बताया कि कुछ ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के त्यागपत्र देने या अनुपस्थित रहने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे ग्राम सचिवालयों की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 5 मई तक अपने आवेदन पत्र ग्राम पंचायत, विकास खंड कार्यालय या जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। 6 से 11 मई के बीच प्राप्त आवेदनों को संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके बाद 12 से 19 मई तक मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति से अनुमोदन लिया जाएगा तथा प्रस्ताव विकास खंड एवं जिला स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। 20 से 26 मई के बीच जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा परीक्षण किया जाएगा। अंत में 27 से 29 मई तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं। साथ ही सभी खंड विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देश दिए गए हैं कि चयन प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराई जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story