पुलिस लाइन बांदा में रिक्रूट आरक्षियों को मिला उन्नत फील्ड प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस लाइन बांदा में रिक्रूट आरक्षियों को मिला उन्नत फील्ड प्रशिक्षण


बांदा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों को बुधवार को विशेष जंगल/फील्ड प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान उन्नत स्तर की टैक्टिकल ड्रिल कराई गई, जिसका उद्देश्य आरक्षियों को वास्तविक परिस्थितियों में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से सक्षम बनाना रहा।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए जवानों को अनुशासन और तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण सत्र में रिक्रूट आरक्षियों को एम्बुश की रणनीति एवं उससे बचाव के तरीके सिखाए गए। इसमें संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए अचानक घेराबंदी करना, सही समय पर कार्रवाई करना तथा टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखना शामिल रहा।

आरक्षियों को आउटर कार्डन एवं इनर कार्डन की विस्तृत जानकारी देते हुए क्षेत्र की घेराबंदी, प्रवेश एवं निकास मार्गों की सुरक्षा तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

साथ ही ड्रिल अभ्यास के माध्यम से आदेश पालन, त्वरित प्रतिक्रिया, पंक्ति गठन और सामूहिक कार्यप्रणाली को मजबूत करने का प्रशिक्षण दिया गया।

फायर सेफ्टी एवं आपातकालीन प्रबंधन की जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान फायर फोर्स/फायर फ्लश से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। इसमें आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई, सुरक्षित निकासी, आग पर नियंत्रण के प्राथमिक उपाय तथा आपातकालीन संसाधनों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।

धैर्य, साहस और अनुशासन पर जोर

प्रशिक्षकों ने रिक्रूट आरक्षियों को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराया गया।

अंत में वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर जवानों का उत्साहवर्धन किया और निर्देश दिए कि भविष्य में फील्ड ड्यूटी के दौरान इस प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव का प्रभावी उपयोग करें।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि जनपद पुलिस द्वारा इस प्रकार के व्यवहारिक एवं उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पुलिस बल को और अधिक सशक्त एवं जन-सुरक्षा के प्रति सक्षम बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story