मानदेय गड़बड़ी में 48 पुलिसकर्मियों से हुई रिकवरी, जिम्मेदार दाे दराेगा व दाे आरक्षी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
मानदेय गड़बड़ी में 48 पुलिसकर्मियों से हुई रिकवरी, जिम्मेदार दाे दराेगा व दाे आरक्षी निलंबित


कानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट में वित्तीय गड़बड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें अवकाश के दौरान भी पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त मानदेय दिए जाने का खुलासा हुआ है। जांच में पाया गया कि कुल 48 पुलिसकर्मी—जिनमें इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और सिपाही शामिल हैं—को नियमानुसार कटौती किए बिना पूरा अतिरिक्त भुगतान कर दिया गया। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने अकाउंट सेक्शन में तैनात चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें दो दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इनकी लापरवाही सामने आई, जिसके चलते यह वित्तीय त्रुटि हुई।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम एवं मुख्यालय) संकल्प शर्मा ने बुधवार को बताया कि अराजपत्रित पुलिसकर्मियों को हर महीने दूसरे शनिवार और रविवार को ड्यूटी करने पर अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है, लेकिन यदि कोई कर्मी इन दिनों में अवकाश पर रहता है, तो उसके मानदेय में कटौती अनिवार्य होती है। इस प्रक्रिया का पालन नहीं होने से यह अनियमितता सामने आई।

जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि कई मामलों में अवकाश दर्ज होने के बावजूद भुगतान में कोई कमी नहीं की गई। इससे सरकारी धन का अनावश्यक व्यय हुआ। अब प्रशासन ने निर्णय लिया है कि जिन 48 पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त भुगतान हुआ है, उनसे यह राशि उनके वेतन से समायोजित कर वसूली की जा चुकी है।

इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नरेट स्तर पर व्यापक जांच के आदेश दिए गए हैं। सभी जोनों और इकाइयों में मानदेय वितरण की प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम विभागीय अनुशासन और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story