फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने कम वसूली देख विभागाध्यक्षों को लगाई फटकार
फर्रुखाबाद, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कर एवं करेत्तर राजस्व वसूली समीक्षा बैठक में शनिवार को जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने कम वसूली वाले विभागों के विभागाध्यक्षों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने विभागीय कार्यवाही की भी चेतावनी दे डाली। बैठक में विभागवार राजस्व वसूली की प्रगति, लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों तथा प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वाणिज्य कर विभाग की राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्य की तुलना में अत्यंत कम है, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने तथा लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं आबकारी विभाग की वसूली संतोषजनक पाई गई।
बैठक में मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज की मासिक राजस्व वसूली अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग एवं परिवहन विभाग की राजस्व वसूली की प्रगति संतोषजनक पाई गई।
प्रवर्तन कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग तथा मंडी मोहम्मदाबाद एवं मंडी कायमगंज के संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस के विभिन्न पैरामीटरों का नियमित परीक्षण करें तथा जिन बिंदुओं पर प्रगति अपेक्षित है, उनमें तत्काल सुधार सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

