सपा अध्यक्ष को जयंत चौधरी से मांगनी चाहिए माफी : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
सपा अध्यक्ष को जयंत चौधरी से मांगनी चाहिए माफी : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 22 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को जयंत चौधरी से माफी मांगनी चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि नेताजी की कमाई, सपा बहादुर ने गंवाई। यह सोलह आने सच है। लेकिन इस छटपटाहट ने सपा बहादुर अखिलेश यादव का मनोबल ऐसा तोड़ा है कि अपनी ज़ुबान से अगड़ा, पिछड़ा और दलितों में किसी पर भी अपनी लाठी चला देते हैं।

अब केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर घटिया बयान देकर अपनी उसी छटपटाहट को उजागर कर दिया जबकि 'भारत रत्न' चौधरी चरण सिंह का सैफई परिवार पर इतना क़र्ज़ है कि सपा बहादुर उसे चुका नहीं सकते। सपा बहादुर को जयंत चौधरी से तुरंत माफ़ी मांगनी चाहिए। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनकी छटपटाहट इसमें भी है कि अगड़ा-पिछड़ा-दलित की ‘त्रिवेणी’ भाजपा के साथ है। इसमें कोई शक नहीं है कि उत्तर प्रदेश की जनता जातिवाद व मुस्लिम तुष्टीकरण में डूबी सपा का बोरिया-बिस्तर समेटकर 2027 में उसे सैफई भेज देगी।

उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने रालोद अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर तथाकथित अशोभनीय टिप्पणी की है। उनकी इस टिप्पणी से उप्र की सियासत में उबाल है। रालोद ने तो इसकी कड़ी आलोचना की ही है, साथ में बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने भी उनकी आलोचना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story