कच्ची दीवार गिरने से महिला की दबकर मौत
बांदा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में दीवार में मिट्टी छापते समय कच्ची दीवार भर भराकर ढह जाने से महिला की दबकर मौत हो गई। शव देखते परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जसपुरा थाना क्षेत्र के अमारा गांव निवासी भीखम ने बताया कि उसकी 55 वर्षीय पत्नी पच्ची मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर की कच्ची दीवार पर मिट्टी लगा रही थीं। इसी दौरान बारिश में भीगी कच्ची दीवार अचानक भरा भरा कर ढह गई। जिससे वह मलबे में दब गई। शोर गुल सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब आधा घंटा बाद उसे मलबे से जब तक बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति भीखम वर्मा ने बताया कि उनके पांच बेटे और पांच बेटियां हैं। बेटों में रामबाबू, शिवबाबू और राजनारायण विवाहित हैं, जबकि शिवनारायण और सूरज अविवाहित हैं। बेटियों में सुनैना, मिथलेश और सोना विवाहित हैं, जबकि जयदेवी और राधा अविवाहित हैं। महिला की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि आज मंगलवार को ग्राम अमारा थाना जसपुरा क्षेत्रांतर्गत एक 50 वर्षीय महिला की कच्ची मिट्टी की दीवार की छपाई करते समय दीवार गिरने से उसमें दब कर मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई । सूचना मिलते ही त्वरित रूप से कार्यवाही करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

