रविंद्र सिंह ने किया मुरादाबाद का नाम रोशन, उत्तीर्ण की एडीजे परीक्षा
मुरादाबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कांठ रोड रामगंगा विहार स्थित टीडीआई सिटी निवासी रविंद्र सिंह ने एडीजे परीक्षा उत्तीर्ण करके पीतलनगरी का नाम रोशन किया है। रविंद्र सिंह को हरियाणा बैच में 7वीं रैंक मिली है, जबकि पंजाब में 5वीं रैंक है।
महाराजा आग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर राजीव ढल ने बुधवार को बताया कि सरदार रविंद्र सिंह के पिता कपड़े का व्यवसाय करते हैं और मां गृहणी है। इन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुरादाबाद के सिविल लाइंस के केसीएम स्कूल से की है। इसके बाद इन्होंने अपनी बीए की शिक्षा गुरु तेग बहादुर खालसा कालेज दिल्ली से उत्तीर्ण की है। इसके बाद एलएलबी की परीक्षा दिल्ली यूनिवर्सिटी से उत्तीर्ण की। रविंद्र सिंह वर्तमान में एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ग्रुप ए गृह मंत्रालय भारत सरकार में कार्यरत है। सरदार रविंद्र सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिजनों को दिया है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

