स्टांप पंजीयन मंत्री ने किया उप निबन्धक कार्यालय सरोजनी नगर का भूमि पूजन व शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
स्टांप पंजीयन मंत्री ने किया उप निबन्धक कार्यालय सरोजनी नगर का भूमि पूजन व शिलान्यास


लखनऊ, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में साेमवार काे लखनऊ के सरोजनी नगर में 'कार्यालय उप निबन्धक सरोजनी नगर प्रथम व द्वितीय' के नवनिर्मित होने वाले भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का शिलान्यास मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग रवीन्द्र जायसवाल ने किया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि नये कार्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र की जनता को रजिस्ट्री एवं अन्य विभागीय कार्यों में काफी सुगमता होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी और सुलभ व्यवस्था प्रदान करना है, जिससे नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण में विभागीय सेवाएँ प्राप्त हो सकें। सरोजनी नगर के विधायक राजेश्वर सिंह ने इस विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नया कार्यालय क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी सौगात है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का निराकरण हो सकेगा।

नवनिर्मित होने वाले इस आधुनिक कार्यालय भवन का कुल क्षेत्रफल 1500 वर्ग मीटर है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त परिसर के निर्माण के लिए 327.95 लाख रुपये की कुल लागत स्वीकृत की गई है। जनहित के इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए 06 माह की समय सीमा निर्धारित की गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को जल्द से जल्द इस नई व्यवस्था का लाभ मिल सके।

इस दौरान अपर महानिरीक्षक निबंधन निरंजन कुमार, उप महानिरीक्षक निबंधन देवीपाटन मण्डल महेश मिश्रा, सहायक महानिरीक्षक निबंधन लखनऊ रमेश चन्द्र तथा राजेश तिवारी, उप निबंधक सरोजनीनगर संतोष सिंह, तथा प्रीती विक्रम सिंह, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और अन्य प्रशासनिक एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story