संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचायेगी भाजपा, छह महीने तक चलेंगे समरसता के कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचायेगी भाजपा, छह महीने तक चलेंगे समरसता के कार्यक्रम


संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचायेगी भाजपा, छह महीने तक चलेंगे समरसता के कार्यक्रम


संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचायेगी भाजपा, छह महीने तक चलेंगे समरसता के कार्यक्रम


लखनऊ, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयन्ती पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान आयोजित करेगी। इस दौरान भाजपा सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के विचारों और उनके लोकमंगल के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगी। समरसता संकल्प अभियान की प्रदेश कार्यशाला गुरुवार को राजधानी लखनऊ के विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में संपन्न हुई।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लाल सिंह आर्य ने कार्यशाला में कहा कि किसी भी राजनीतिक दल ने संत रविदास, डा. भीमराव अम्बेडकर तथा भगवान विरसा मुंडा को पूजने का काम नहीं किया है। भाजपा अपने सभी महापुरुषों, गुरुओं, संतो को पूज भी रही है और उनके विचारों को जनमानस तक पहुंचाने का काम भी कर रही है। लाल सिंह आर्य ने कहा कि जब मुस्लिम आक्रांताओं के कारण देश में भय व्याप्त था, उस कालखण्ड में भक्ति आन्दोलन प्रारम्भ हुआ और डरे हुए भय व्याप्त समाज को साहस देने और एकरूपता में बांधने का काम का काम संत रविदास ने किया।

संत रविदास ने अपना पूरा जीवन छुआछूत को मिटाने में लगाया

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी उन चुनिंदा संतों में हैं जिन्होंने समाज को समरसता का संदेश दिया और उसी समरसता के संदेश के साथ हमारी भाजपा सरकारें जनमानस की भलाई के लिए लगातार काम कर रही हैं। श्री चौधरी ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज के करोड़ों वंचितों और उपेक्षित लोगों को आत्मविश्वास दिया और सम्मान के साथ जीना सिखाया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गुरु रविदास ने अपना पूरा जीवन जातिवाद को समाप्त करने और छुआछूत को मिटाने में समर्पित कर दिया। उन्होंने हमें सिखाया कि कोई भी व्यक्ति जन्म से छोटा या बड़ा नहीं होता, मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके कर्मों और मानवता के प्रति उसके प्रेम से होती है। पंकज चौधरी ने कहा कि पहले की सरकारें केवल अकबर, नेपोलियन और मदर टेरेसा को ही महान बताने में व्यस्त रही हैं और पूरे भारतीय समाज को गुलामी की मानसिकता से ग्रस्त रखा। भारत की महान विभूतियों के सम्मान के लिए भाजपा और भाजपा की सरकारें संकल्पित है।

गुरू पूर्णिमा पर रविदास मंदिरों पर होंगे भव्य कार्यक्रम

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि अभियान की जिला कार्यशाला 25 से 27 जुलाई के बीच प्रत्येक संगठनात्मक जिले में संपन्न होगी। 29 जुलाई को वाराणसी में अभियान का शुभारम्भ समरसता दीप अभियान से होगा। जिसमें गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर देश के सभी संत रविदास मंदिरों पर भव्य सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें। सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या तथा समरसता संकल्प के साथ अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 29 जुलाई से 10 सितम्बर तक कलश वंदन अभियान प्रारम्भ होगा, जिसके तहत संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी में 29 जुलाई को संत महात्माओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में कलश पूजन, समरसता संगोष्ठी एवं अभियान शुभारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सभी राज्यों से आये प्रतिनिधियों को संत रविदास की जन्मस्थली की पावन मिट्टी युक्त कलश विधिवत प्रदान किये जाएगें, जिन्हें वे अपने-अपने राज्यों में ले जाकर अभियान का शुभारम्भ करेगें।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संतो, महात्माओं, गुरुओं, महंतो से संपर्क करेगी और संत महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए उन्हें विभिन्न, धार्मिक, सामाजिक एवं समरसता कार्यक्रमों से जोडेगी। उन्होंने कहा कि 5 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक गुरू रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी। जालंधर पंजाब से प्रारम्भ होकर यात्रा का समापन वाराणसी में होगा।

कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष तथा अभियान के जिला संयोजक व सहसंयोजक उपस्थित रहे। संचालन अभियान के प्रदेश संयोजक व प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story