संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली पर जलभराव से नाराजगी, वीडियो वायरल
वाराणसी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली के आसपास बारिश के बाद हुए जलभराव और फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष है। क्षेत्र में जलभराव का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे।
सीर गोवर्धनपुर निवासी एवं समाजवादी पार्टी के नेता अमन यादव ने आरोप लगाया कि गुरु रविदास की जन्मस्थली पर देश के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री समय-समय पर दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। उनके आगमन से पहले पूरे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, जल निकासी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी जाती हैं, लेकिन वीआईपी कार्यक्रम समाप्त होते ही क्षेत्र की स्थिति फिर से बदहाल हो जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई स्थानों पर जलभराव, गंदगी, जाम नालियां और क्षतिग्रस्त सड़कें स्थानीय निवासियों तथा श्रद्धालुओं के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई हैं। इससे प्रतिदिन आवागमन प्रभावित हो रहा है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
अमन यादव के साथ क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली क्षेत्र में केवल वीआईपी दौरों के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष नियमित साफ-सफाई, प्रभावी जल निकासी, सड़क रखरखाव और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

