देवरिया में सात सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय दिव्यांग संघ का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में सात सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय दिव्यांग संघ का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में शुक्रवार काे राष्ट्रीय दिव्यांग संघ के आह्वान पर सुभाष चौक पर दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

संगठन के अध्यक्ष सच्चिदानंद वर्मा ने कहा कि दिव्यांगजन सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और प्रशासनिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगों तक समय पर नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से दिव्यांग संगठनों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रत्येक तीन माह पर जिला प्रशासन और दिव्यांग संगठनों के बीच संवाद बैठक आयोजित करने की मांग की गई। इसके अलावा गरीब और निराश्रित दिव्यांगों को शत-प्रतिशत राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की बात कही गई।

संगठन ने दिव्यांग युवाओं के लिए रोजगार मेले आयोजित करने, कौशल विकास प्रशिक्षण और स्वरोजगार योजनाएं संचालित करने की भी मांग उठाई। साथ ही दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

मांगपत्र में प्रत्येक तहसील दिवस पर दिव्यांग प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर लगाने, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दिव्यांगों के लिए अलग सहायता काउंटर स्थापित करने तथा मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजनाओं में दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देने की मांग भी शामिल रही। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story