राष्ट्र की सुरक्षा एवं लोकतंत्र की मजबूती के लिए एसआईआर जरूरी : ब्रजेश पाठक

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्र की सुरक्षा एवं लोकतंत्र की मजबूती के लिए एसआईआर जरूरी : ब्रजेश पाठक


बाराबंकी, 6 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर से देश के लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि यह एक अत्यधिक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें मतदाताओं और सरकारी कर्मचारियों (बीएलओ ) की पूरी मदद सुनिश्चित करनी है ताकि किसी को भी कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण इसके पहले देश और प्रदेश में कई बार हो चुका है। प्रदेश में 2003 में चुनाव आयोग एसआईआर करवा चुका है तब विपक्ष के पेट में दर्द क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा एसआईआर मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया है जिसके जरिए देश में घुसपैठिए के रूप में रह रहे अनधिकृत विदेशियों को देश से बाहर निकालने में मदद मिलेगी। उन्होंने एसआईआर को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव से पूर्व हुए एसआईआर में करीब 65 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे,परन्तु किसी ने भी चुनाव आयोग में नाम काटने की शिकायत नहीं की। जिससे एसआईआर प्रक्रिया की पारदर्शिता की पुष्टि होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष के भ्रामक प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दें। लोकसभा चुनाव के बाद देश के कई प्रदेशों में हो रही करारी हार से विपक्षी बौखलाए हुए हैं।इसीलिए एसआईआर को लेकर विपक्षी अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ रही है। उन्होंने फॉर्म 6,7 व 8 की चर्चा करते हुए इसकी उपयोगिता समझाई। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से शेष दिनों में लक्ष्य की पूर्ति के लिए पूरी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा में समर्पित भाव से एसआईआर की सफलता के लिए दिन रात मेहनत कर रहा है। उन्होंने कहा कि बूथ जीतने के लिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण आवश्यक है। पात्रों के नए वोट जुड़वाने एवं बोगस वोट कटवाने के लिए एसआईआर मील का पत्थर साबित होगी। जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार ज्ञापित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story