जन्मजात गर्भाशय विकृति की जटिल सर्जरी कर डॉक्टरों ने बचाई किशोरी की जान

WhatsApp Channel Join Now
जन्मजात गर्भाशय विकृति की जटिल सर्जरी कर डॉक्टरों ने बचाई किशोरी की जान


कानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। जन्मजात गर्भाशय विकृति के कारण पेट में खून जमा होने और असहनीय दर्द से जूझ रही 17 वर्षीय किशोरी का जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर सफल इलाज किया। एमआरआई जांच से दुर्लभ बीमारी का पता चलने के बाद डॉक्टरों ने विशेष सर्जरी के जरिए गर्भाशय की संरचना को सामान्य करने के साथ भविष्य में प्रजनन क्षमता सुरक्षित रखने का प्रयास किया। यह जानकारी गुरुवार को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा द्विवेदी ने दी।

उन्होंने बताया कि महाराजपुर निवासी किशोरी रानी (परिवर्तित नाम) को पेट में तेज दर्द, बड़ी गांठ और खून की भारी कमी की स्थिति में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। 17 वर्ष की उम्र तक माहवारी शुरू नहीं हुई थी। इससे गर्भाशय में रक्त जमा होकर गांठ का रूप ले चुका था। पहले भी एक अन्य अस्पताल में इसका ऑपरेशन किया गया था, लेकिन बीमारी की मूल वजह का पता नहीं चल सका।

विस्तृत जांच और एमआरआई में जन्मजात गर्भाशय विकृति बाइकॉर्पोरियल सेप्टेट यूट्रस की पुष्टि हुई। इसमें गर्भाशय का एक हिस्सा बंद था, जिसके कारण माहवारी का रक्त बाहर नहीं निकल पा रहा था। रक्त गर्भाशय, योनि मार्ग और दोनों फैलोपियन ट्यूब में जमा हो गया था। स्थिति गंभीर होने पर पेट के भीतर भी रक्त जमा होने लगा था।

डॉ. शैली अग्रवाल के नेतृत्व में 12 नवंबर को डॉ. दिव्या त्रिपाठी, डॉ. दीप्ति त्यागी, डॉ. वंदना और डॉ. श्रेया की टीम ने लैपरोटॉमी सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान चिपकी हुई आंतों और अंगों को अलग किया गया। जमा हुआ पुराना रक्त निकालने के साथ गर्भाशय की संरचना सुधारने के लिए स्ट्रासमैन मेट्रोप्लास्टी सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद किशोरी की हालत स्वस्थ है।

डॉ. सीमा द्विवेदी ने सफल सर्जरी के लिए डॉ. शैली अग्रवाल और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं में जन्मजात गर्भाशय विकृति की दर सामान्य आबादी में लगभग चार से सात प्रतिशत होती है। ऐसी दुर्लभ समस्याओं में समय पर एमआरआई जांच से सटीक निदान और उपचार संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780060 Articles

Share this story